बांदा। शहर कोतवाली क्षेत्र के चमरौडी चौराहे के पास किराए के मकान में रह रहे ठेकेदार ने फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
पैलानी थाना क्षेत्र के पैलानी डेरा निवासी राजाराम (60) तकरीबन 15 साल से शहर के चमरौडी चौराहा स्थित दयाल नगर में नरेश कुशवाहा के मकान में किराए से पत्नी व बच्चों के साथ रह रहा था। वह मकान निर्माण कराने का ठेका लेता था। शुक्रवार को सुबह उसकी दो साइट चल रहीं थी। एक साइट में उसकी पत्नी सावित्री गई थी और दूसरी साइट में वह खुद गया था। दोपहर के समय वह अपने कमरे में आया और उसने कमरा बंद कर रस्सी से पंखे में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना के समय घर में कोई नहीं था। कुछ देर बाद मकान मालिक ने उसे फंदे से लटका देखा तो उसकी पत्नी को फोन से खबर दी।
साढ़ू लल्लू ने बताया कि राजाराम की तीन पुत्रियां हैं। दो की शादी हो गई है। घटना के समय उसकी पुत्री बहन की ससुराल में थी। उन्होंने फंदा क्यों लगाया। यह कारण अज्ञात है। पैलानी थानाध्यक्ष अनिल कुमार साहू ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
सौजन्य : अमर उजाला