बांदा। बच्चे के जन्म के तीन दिन बाद ही प्रसूता की हालत बिगड़ गई। ससुराल वाले महिला को एंबुलेंस से बांदा जिला अस्पताल ला रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। मायके पक्ष से मृतका की मां ने दहेज में बाइक न देने पर गला दबाकर मार डालने का आरोप लगाया है।
तिंदवारी थाना क्षेत्र के बेंदा गांव निवासी पूजा (23) को 20 जनवरी को प्रसव पीड़ा हुई थी। ससुरालियों ने 102 एंबुलेंस चालक को फोन किया। एंबुलेंस के देर से आने के कारण घर में ही पूजा ने बच्चे को जन्म दिया। उधर, मंगलवार की देर शाम अचानक पूजा के पेट में दर्द उठा। परिजन एंबुलेंस से उन्हें लेकर तिंदवारी पीएचसी पहुंचे। वहां डॉक्टर ने उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर किया।
जिला अस्पताल पहुंचने से पहले कालू कुआं मोहल्ले के पास पूजा ने दम तोड़ दिया। पूर्व प्रधान विवेक सिंह ने बताया कि पति अनिल विश्वकर्मा मजदूरी करते हैं। 20 मई 2022 में शादी हुई थी। पूजा की यह पहली डिलीवरी हुई थी। ठंड में अचानक हालत बिगड़ी थी।
उधर, मायके कालिंजर थाना क्षेत्र के गुढ़ा गांव से आईं पूजा की मां लीला ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष तिंदवारी कौशल सिंह ने बताया कि प्रसव के बाद महिला की हालत बिगड़ी गई थी। मायके पक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा भरा गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
सौजन्य से अमर उजाला