खप्टिहा कलां। पैलानी थाना क्षेत्र के शेखूपुर व चंदवारा गांव में चल रही गुटका फैक्ट्री पर अधिकारियों ने छापा मारा। बड़ी तादाद में मिले गुटका और मशीनें सीज कर दीं। नमूना लेकर जांच को भेजे हैं।
एसडीएम नमन मेहता की अगुवाई में टीम ने शेखूपुर गांव में ब्रजेश के घर पर दबिश दी। यहां 256 तंबाकू मिश्रित गुटका पाउच बरामद हुए। मशीनें सीज कर दीं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुटका सामग्री के नमूने लिए। यहां के बाद चंदवारा गांव स्थित प्रदीप के घर पर छापा मारा। यहां 111 किलो गुटका बरामद हुआ। अधिकारियों ने मशीनें और सामग्री सीज कर जब्त कर ली।
एसडीएम ने बताया कि दोनों गांवों में लंबे समय से गुटका फैक्ट्रियां अवैध ढंग से चल रही थीं। कार्रवाई के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश्वर, खाद्य सुरक्षा अधिकारी नागेश व रामनरेश, नायब तहसीलदार कमलेश कुमार, उप निरीक्षक अखिलेंद्र प्रताप सिंह व चंद्रजीत यादव समेत चंदवारा ग्राम प्रधान अरविंद कुमार सिंह व पिपरोदर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामशेखर गुप्ता मौजूद रहे।
सौजन्य : अमर उजाला